महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अयोध्या स्थित हिंदू धाम आश्रम पहुंचकर ब्रह्मलीन महंत डॉ. रामविलास वेदांती जी महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने वशिष्ठ भवन में दिवंगत महंत को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। रामजन्मभूमि आंदोलन के थे सक्रिय भागीदार इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डॉ. रामविलास वेदांती जी महाराज का संपूर्ण जीवन श्रीरामजन्मभूमि आंदोलन, अयोध्या धाम के विकास और रामलला के भव्य मंदिर निर्माण को समर्पित रहा। उन्होंने वेदांती जी महाराज के योगदान को याद करते हुए कहा, “प्रभु श्रीराम से जुड़े प्रत्येक आंदोलन और कार्यक्रम में वेदांती जी महाराज की सक्रिय सहभागिता रही। रामभक्ति से परिपूर्ण था जीवन मुख्यमंत्री ने वेदांती जी महाराज के निधन को उनके रामभक्ति से भरे जीवन का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि रामकथा का वाचन करते हुए उनका साकेतवास होना ही उनके रामभक्ति से परिपूर्ण जीवन का प्रमाण है। मुख्यमंत्री योगी ने वहाँ उपस्थित शिष्यों और अनुयायियों से आह्वान किया कि वे ब्रह्मलीन वेदांती जी महाराज के आदर्शों का अनुसरण करें और निरंतर रामकाज से जुड़े रहें।अंत में, मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि वे ब्रह्मलीन वेदांती जी महाराज को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें और उन्हें अपनी ओर से विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।