हाइवे पर जेसीबी-बाइक में भिडंत, एक की मौत: दूसरा गंभीर रूप से घायल, गलत दिशा में मुड़ते समय हुआ हादसा
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ के रानीगंज क्षेत्र में लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर बभनमई गांव के पास सोमवार देर रात एक जेसीबी और बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मृतक युवक की पहचान रानीगंज थाना क्षेत्र के लच्छीपुर निवासी बबलू गौतम के रूप में हुई है। उसके साथी राजू गौतम को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद काफी देर तक दोनों की पहचान नहीं हो सकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार बबलू गौतम और राजू गौतम रात करीब साढ़े दस बजे प्रतापगढ़ से अपने घर लच्छीपुर लौट रहे थे। इसी दौरान रानीगंज में एक जेसीबी बादशाहपुर की ओर से आ रहा था। बभनमई गांव के पास हाईवे पर चालक विपरीत दिशा में स्थित एक ढाबे की ओर मुड़ने लगा। इसी मोड़ पर बाइक सवार दोनों युवक जेसीबी से टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे को देखकर ढाबे पर मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर एसओ प्रभात सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को रानीगंज ट्रामा सेंटर ले गए। वहां डॉक्टरों ने बबलू गौतम को मृत घोषित कर दिया। राजू गौतम की नाजुक हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। एसओ प्रभात सिंह ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और जेसीबी को कब्जे में ले लिया गया है। घायल राजू का इलाज जारी है।