जेल रोड रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की समस्या: कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ के जेल रोड रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम की समस्या को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने रेलवे क्रॉसिंग पर घंटों प्रदर्शन किया। बाद में उप जिलाधिकारी नैन्सी सिंह को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की गई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने बताया कि चौक घंटाघर से जेल रोड रेलवे क्रॉसिंग तक अंडरपास या फ्लाईओवर न होने के कारण घंटों जाम लगा रहता है। ट्रेन के आवागमन के दौरान फाटक बंद होने से सैकड़ों वाहन फंस जाते हैं। उन्होंने कहा कि अक्सर एम्बुलेंस भी जाम में फंस जाती हैं, जिससे गंभीर मरीजों की मौत तक हो जाती है क्योंकि वे समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाते। डॉ. त्रिपाठी ने यह भी बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन और रेलवे अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दिए गए हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक इस समस्या का समाधान नहीं हो जाता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष महेंद्र शुक्ल ने कहा कि जेल रोड रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास या फ्लाईओवर बनने से कई वार्डों और दर्जनों ग्रामसभाओं के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह सड़क दाहिने मुड़ने पर दिलीपपुर से जामताली होते हुए रानीगंज व पट्टी जाएगी, और बाएं मुड़ने पर रखहा, दीवानगंज होते हुए पट्टी पहुंचेगी। यह दोनों सड़कें बाईपास का भी काम करेंगी, जिससे शहर के जाम से निजात मिलेगी। नगर अध्यक्ष मो. इश्तियाक ने जिला प्रशासन से मांग की कि शासन स्तर पर और रेलवे विभाग के उच्चाधिकारियों से वार्ता कर इस गंभीर प्रकरण पर जल्द से जल्द अंडरपास या फ्लाईओवर का कार्य शुरू कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनहित में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो जाम से परेशान नागरिकों के साथ मिलकर क्रमबद्ध आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस प्रदर्शन में उत्तरी रेलवे मजदूर यूनियन के पूर्व मंडल मंत्री रवि भूषण सिन्हा, कोषाध्यक्ष वेदांत तिवारी, जिला उपाध्यक्ष राम शिरोमणि वर्मा, जिला उपाध्यक्ष मीरा देवी गौतम, जिला महासचिव अंजली उपाध्याय सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।