जेल में बंद गाजा तस्कर से मिले गैर-पारिवारिक लोग: पुलिस खंगाल रही दो माह में मुलाकातियों की कुंडली, नियम बदले

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़। जिला कारागार में बंद मादक पदार्थों के तस्कर राजेश मिश्रा से पिछले दो माह में परिवार के अलावा कई लोगों ने मुलाकात की है। जेल रिकॉर्ड जुटाने के बाद पुलिस अब इन मुलाकातियों की कुंडली खंगाल रही है। पुलिस की सख्ती के बाद अब मिलने-जुलने वाले लोगों ने भी दूरी बना ली है।मानिकपुर के मुंदीपुर निवासी मादक पदार्थों का तस्कर और गैंगस्टर राजेश मिश्रा जिला जेल में बंद है। एनडीपीएस के तहत दर्ज मुकदमे में न्यायालय से स्वीकृत जमानत के सत्यापन के दौरान पुलिस ने उसके घर से दो करोड़ रुपये नकद और एक करोड़ रुपये से अधिक के मादक पदार्थ बरामद किए थे। इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने राजेश मिश्रा की पत्नी रीना मिश्रा, बेटे विनायक, बेटी कोमल और परिवार के अन्य सदस्यों (पिता और पुत्र) के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें भी जेल भेजा था। अब पुलिस टीम राजस्व विभाग के साथ मिलकर उसकी संपत्ति की खोजबीन कर रही है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस टीम ने जेल में बंद राजेश मिश्रा से मिलने वाले उन लोगों की जानकारी जुटाई है, जिनका उसके परिवार से कोई सीधा संबंध नहीं है। पुलिस इन सभी लोगों की गहनता से छानबीन कर रही है। जल्द ही इन मुलाकातियों पर भी पुलिस शिकंजा कस सकती है।

इस बीच, जिला कारागार प्रशासन ने तस्कर राजेश मिश्रा और उसके परिजनों से मुलाकात के नियमों में बदलाव किया है। जेल अधीक्षक ऋषभ द्विवेदी ने बताया कि जिला प्रशासन ने गैंगस्टर राजेश मिश्रा को लेकर चौकन्ना रहने का सुझाव दिया था। इसे देखते हुए अब राजेश मिश्रा और उसके परिजनों से मुलाकात करने वालों की गहनता से छानबीन की जाएगी। मुलाकात एलआईयू टीम के सदस्य की मौजूदगी में सीसीटीवी की निगरानी में होगी। यह व्यवस्था परिजनों और अन्य सभी मुलाकातियों पर लागू होगी, जिसके लिए अलग से इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों के घरों पर भी दबिश दी है। वहीं, मादक पदार्थों के तस्कर राजेश मिश्रा के परिवार के कुछ सदस्य अपने घर छोड़कर फरार हो गए हैं।