रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
गड़वारा। रिश्तेदार के घर अमेठी से लौट रहे अधेड़ की बाइक मवेशी से टकरा गई। हादसे में उनकी मौत हो गई। अंतू थानाक्षेत्र के नेवादा कला निवासी 55 वर्षीय जबर सिंह रिश्तेदार के घर अमेठी गए थे। रविवार की शाम करीब सात बजे वह लौट रहे थे, अमेठी के मुंशीगंज स्थित कोरवा गांव के पास उनकी बाइक अचानक एक मवेशी से टकरा गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर मुंशीगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जबर सिंह को अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। जबर सिंह पारा मोड़ स्थित एक भट्टे पर मुंशी का काम करते थे। उनके परिवार में दो बेटे, बालमुकुंद व ब्यूटी और एक बेटी, छाया सिंह हैं। बड़े बेटे की शादी हो चुकी है जबकि बेटी छाया की शादी फरवरी में होनी है। उनकी पत्नी का निधन पहले ही हो चुका था। सोमवार सुबह उनके घर पर इलाके के लोगों का जमावड़ा लग गया। अंतू थानाध्यक्ष आनंदपाल सिंह भदौरिया ने बताया कि यह घटना अमेठी के मुंशीगंज थाना क्षेत्र में हुई है। आगे की सभी कानूनी कार्रवाई मुंशीगंज थाने में ही की जाएगी।