महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। समाजवादी पार्टी महानगर कार्यालय, लोहिया भवन पर शनिवार को महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव के नेतृत्व में स्वर्गीय जयप्रकाश नारायण जी की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनको नमन किया। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव ने जयप्रकाश नारायण के जीवन और संघर्षों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्वर्गीय जयप्रकाश नारायण का जन्म बिहार में 1902 में एक चित्रगुप्त कायस्थ परिवार में हुआ था। उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण ने मुख्य रूप से दो आंदोलन किए थे— बिहार आंदोलन और संपूर्ण क्रांति।
श्री श्रीवास्तव ने बताया कि बिहार आंदोलन 1974 में छात्रों द्वारा शुरू किया गया था, जिसका नेतृत्व स्वर्गीय जयप्रकाश नारायण ने ही किया था और यह आंदोलन भ्रष्ट शासन के खिलाफ था। इसके बाद उन्होंने 1974 में संपूर्ण क्रांति का नारा दिया, जिसने इंदिरा गांधी की सरकार के खिलाफ एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन का रूप ले लिया।
महानगर प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट ने बताया कि इस मौके पर महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव के साथ प्रदेश सचिव राम अचल यादव, उपाध्यक्ष प्रवीण राठौर, प्रवक्ता राकेश यादव, जगन्नाथ यादव, वीरेंद्र गौतम, योगेश श्रीवास्तव, महिला महानगर अध्यक्ष अपर्णा जायसवाल, पूजा वर्मा, अजय यादव, गोविंद यादव, अली सईद खां, कृष्ण गोपाल, अजय मिश्रा, सौरभ यादव, हर्षवीर सिंह, सुजीत यादव आदि लोग मौजूद रहे।