बंद कॉलेज में अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़: प्रतापगढ़ पुलिस ने 3 को किया गिरफ्तार, प्रिंसिपल फरार

प्रतापगढ़ के पट्टी में पुलिस ने सोमवार को एक बंद पड़े कॉलेज परिसर में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से करीब 47 लाख रुपये मूल्य के विस्फोटक और तैयार पटाखे बरामद किए हैं। यह फैक्ट्री सुखराज सिंह बालिका महाविद्यालय, सपहाछात के परिसर में संचालित हो रही थी। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देश पर और क्षेत्राधिकारी पट्टी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि कॉलेज के प्रिंसिपल आद्या प्रसाद सिंह (73 वर्ष) के संरक्षण में यह अवैध कारोबार लंबे समय से चल रहा था। इस अवैध पटाखा निर्माण और बिक्री के धंधे में मदीना बेगम (45 वर्ष) पत्नी जुम्मन अली, उनके पुत्र सलमान सिद्दीकी (30 वर्ष) और सैफ सिद्दीकी (24 वर्ष), निवासी मेला रोड, पट्टी, शामिल थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया है। कॉलेज प्रिंसिपल आद्या प्रसाद सिंह फिलहाल फरार हैं।