शरद पूर्णिमा पर बेल्हा देवी मंदिर में उमड़ा जनसैलाब: प्रतापगढ़ में भक्तों ने की विशेष पूजा-अर्चना, लंबी लाइनें लगीं

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

 

प्रतापगढ़ में शरद पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार को बेल्हा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही भक्त मां बेल्हा देवी के दर्शन के लिए लंबी कतारों में खड़े दिखाई दिए। मंदिर परिसर घंटों की गूंज और जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने मां बेल्हा देवी के दरबार में दीप जलाकर विशेष पूजा-अर्चना की और भोग अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर दूध से बनी खीर का विशेष महत्व माना जाता है। भक्तों ने पूर्णिमा की रात खीर बनाकर चंद्रमा को अर्पित किया और परिवार के साथ प्रसाद के रूप में ग्रहण किया।

मंदिर प्रशासन और स्थानीय पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई थी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी की गईं। मंदिर प्रांगण में जगह-जगह भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा। शरद पूर्णिमा की चांदनी रात में मां बेल्हा देवी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने इस अवसर को आध्यात्मिक रूप से महत्वपूर्ण बताया।