रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ के पट्टी तहसील क्षेत्र में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। यह फैक्ट्री सपहा छात गांव स्थित सुखराज सिंह बालिका महाविद्यालय में संचालित हो रही थी। पुलिस ने सोमवार दोपहर छापेमारी कर लाखों रुपए के अवैध पटाखे बरामद किए हैं। जानकारी के अनुसार, यह महाविद्यालय पिछले तीन वर्षों से बंद था। इसके लगभग 14 कमरों में अवैध रूप से पटाखों का निर्माण किया जा रहा था। स्कूल का संचालन अध्याय प्रसाद सिंह द्वारा किया जाता रहा है। विद्यालय प्रबंधक ने बताया कि उन्होंने पट्टी कस्बे के एक व्यक्ति को किराए पर एक कमरा दिया था। इसी व्यक्ति ने महाविद्यालय के अन्य कमरों का उपयोग पटाखा बनाने के लिए किया। इस कार्य में पांच महिलाएं और दो पुरुष शामिल थे। पुलिस विभाग को इसकी गुप्त सूचना मिली थी। सोमवार दोपहर करीब एक बजे, पुलिस क्षेत्राधिकार पट्टी मनोज कुमार सिंह रघुवंशी, एसडीएम पूर्णेन्दु मिश्रा, पट्टी कोतवाल अभिषेक सिरोही और आसपुर देवसरा थाना अध्यक्ष विजेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छापेमारी की। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध पटाखे और सामग्री बरामद की गई है। पुलिस क्षेत्राधिकार मनोज कुमार सिंह रघुवंशी ने बताया कि अभी सामग्री एकत्रित की जा रही है और इसकी अनुमानित लागत व विस्तृत जानकारी शाम तक उपलब्ध कराई जाएगी।