अयोध्या में रालोद ने शुरू किया सदस्यता अभियान, दो अक्टूबर से निकलेगी ‘एकता यात्रा’

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या, 4 सितंबर 2025 राष्ट्रीय लोकदल (RLD) ने पूर्वांचल में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए सदस्यता अभियान और पंचायत चुनावों पर ध्यान केंद्रित करना शुरू कर दिया है। इसी सिलसिले में पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष और राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश महासचिव विजय यादव ने गुरुवार को अयोध्या का दौरा किया। सर्किट हाउस पहुंचने पर पार्टी के अवध क्षेत्र अध्यक्ष चौधरी रामसिंह पटेल ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया।
सर्किट हाउस में हुई बातचीत के दौरान विजय यादव ने बताया कि इस समय पार्टी के कार्यकर्ता सदस्यता अभियान में लगे हुए हैं, और पूर्वांचल के हर जिले में कम से कम 200 सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि हाल ही में लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में 29 और 30 अगस्त को दो दिवसीय बैठक हुई थी, जिसमें सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष, क्षेत्रीय अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारी शामिल हुए थे। यादव ने आगे बताया कि राष्ट्रीय लोकदल 2 अक्टूबर, गांधी जयंती से 31 अक्टूबर, सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती तक एक ‘एकता यात्रा’ निकालेगा। यह यात्रा 2 अक्टूबर को अलीगढ़ से शुरू होकर 31 अक्टूबर को बस्ती में समाप्त होगी। इस यात्रा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह भी शामिल रहेंगे। यह यात्रा सामाजिक एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि इस समय पार्टी का मुख्य फोकस सदस्यता अभियान और पंचायत चुनाव पर है। उन्होंने अवध क्षेत्र के अध्यक्ष चौधरी राम सिंह पटेल को अपना ‘संघर्षशील साथी’ बताते हुए कहा कि वे सब मिलकर पूर्वांचल में राष्ट्रीय लोकदल को मजबूत करेंगे। इस दौरान राम जियावन वर्मा, जगन्नाथ वर्मा, राम कुमार और अमर यादव भी मौजूद थे।