लखनऊ, गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार केन्द्रीय सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान, उ०प्र०, छठामील, लखनऊ में आज मास्टर ट्रेनर्स पाठ्यक्रम का भव्य उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम का दीपप्रज्वलन करते हुए प्रमुख सचिव, नागरिक सुरक्षा श्रीमती संयुक्त्ता समद्दार ने कहा कि नागरिक सुरक्षा मुख्यतः स्वयंसेवकों का संगठन है, जो देश की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिदृश्य में नागरिक सुरक्षा की महत्ता बढ़ गई है, इसलिए भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार इस क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दे रही है।संयुक्त्ता समद्दार ने कहा कि इस प्रशिक्षण से प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स अपने-अपने जनपदों में कार्यक्रम संचालित करके फर्स्ट रिस्पांडर तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। इससे विभिन्न आपदाओं में कुशलता से कार्य करने में मदद मिलेगी और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक आम जनता को प्रशिक्षित एवं आत्मनिर्भर बना सकेंगे।इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक नागरिक सुरक्षा श्री अभय कुमार प्रसाद ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि समस्त पदाधिकारियों को सजग रहने और किसी भी आपदा की स्थिति में सामान्य जनता को प्रशिक्षित करने की आवश्यकता है। उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री को प्रदेशभर में नागरिक सुरक्षा विभाग खोलने के लिए विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।विशेष सचिव, नागरिक सुरक्षा श्री मनोज कुमार राय ने कहा कि सभी जनपदों में नागरिक सुरक्षा का गठन और पदों का सृजन कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री के आदेशानुसार निकट भविष्य में नागरिक सुरक्षा पूरे प्रदेश में प्रभावी रूप से कार्य करेगी। साथ ही उन्होंने केन्द्रीय नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान को और सुविधाएं प्रदान करके उत्तर एवं पूर्वी भारत का सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने की योजना की जानकारी दी। वर्तमान प्रशिक्षण में उत्तराखण्ड के प्रशिक्षणार्थी भी भाग ले रहे हैं।कार्यक्रम में श्रीमती नीता यादव, कमाण्डेन्ट, केन्द्रीय नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।यह पाठ्यक्रम प्रदेश में नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को और सशक्त बनाने तथा स्वयंसेवकों के कौशल को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।