लखनऊ:उत्तर प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों (राज्य एवं जनपद स्तरीय) एवं उनके आश्रितों को मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत सुगमता से चिकित्सा लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग मुख्यालय लखनऊ के सभागार में 21 एवं 22 अगस्त को दो दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का संचालन स्टेट हेल्थ एजेंसी (सांचीज़) की सीईओ अर्चना वर्मा के नेतृत्व में टीम द्वारा किया गया।अपर निदेशक सूचना अरविंद कुमार मिश्र ने बताया कि शिविर में लगभग 400 पत्रकारों ने बीआईएस (लाभार्थी पहचान प्रणाली) डेटाबेस में उपलब्ध डाटा में अपने एवं आश्रितों का संशोधन और ई-केवाईसी करवाया। उन्होंने कहा कि अब मान्यता प्राप्त पत्रकार आधार कार्ड के अनुरूप अपडेटेड सक्षम स्तर से अनुमोदन के बाद नया आयुष्मान कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे, जिससे उन्हें मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत चिकित्सा सुविधा लेने में किसी प्रकार की बाधा नहीं होगी।उन्होंने यह भी अवगत कराया कि मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा लाभ उपलब्ध होगा।इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य मान्यता प्राप्त समिति के प्रतिनिधि, सूचना विभाग के प्रेस प्रभाग से संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।