महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या । धर्मनगरी अयोध्या में सावन का दूसरा सोमवार आज असीम धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शिव मंदिरों में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा और हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।
इस पावन अवसर पर, अयोध्या तीर्थ पुरोहित धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश महाराज ने सावन के द्वितीय सोमवार के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया, “यह दिन भगवान शिव की पूजा-अर्चना के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। ऐसी मान्यता है कि इस दौरान की गई साधना से भक्तों को अलौकिक पुण्य की प्राप्ति होती है और उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।” राजेश महाराज ने भक्तों को शिव चालीसा और महामृत्युंजय मंत्र का जाप करने की सलाह दी, जिससे आध्यात्मिक लाभ मिल सके। इसी क्रम में, लड्डू गोपाल धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रदीप महाराज ने भी सावन के महीने के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा,सावन का महीना भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है। इस पूरे माह में शिव आराधना करने से व्यक्ति को पापों से मुक्ति मिलती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। विशेषकर सोमवार के दिन व्रत रखने और शिवजी का जलाभिषेक करने का विशेष फल प्राप्त होता है।