सूर्या कॉलेज में ड्रेस वितरण कार्यक्रम, यूनिफॉर्म पाकर खिले बच्चों के चेहरे

प्रबंधक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी व बेटे अखंड ने छात्रों को किया प्रेरित।

जितेन्द्र पाठक

संतकबीरनगर।शिक्षा को सेवा का माध्यम मानने वाले सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने एक बार फिर अपने समाजसेवी सोच का परिचय देते हुए मंगलवार को मीरगंज स्थित सूर्या इंटर कॉलेज में निशुल्क ड्रेस वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने अपने बेटे अखंड प्रताप चतुर्वेदी के साथ मिलकर सैकड़ों छात्र-छात्राओं में स्कूल यूनिफॉर्म वितरित की। ड्रेस पाकर बच्चों के चेहरे जहां खुशी से खिल उठे, वहीं अभिभावकों ने भी विद्यालय परिवार के इस प्रयास की सराहना की।

 

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में गरिमामय वातावरण के साथ हुई। प्रबंधक डॉ. चतुर्वेदी ने बच्चों को न सिर्फ ड्रेस दी, बल्कि उन्हें मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दी। उन्होंने कहा कि सूर्या ग्रुप शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के मूल मंत्र के साथ कार्य कर रहा है।

 

डॉ. चतुर्वेदी ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ एक समान परिधान के माध्यम से समभाव और एकता का संदेश देना है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से स्वतंत्रता दिवस के पर्व को उल्लासपूर्वक मनाने की अपील करते हुए कहा कि सभी छात्र-छात्राएं निर्धारित ड्रेस में कार्यक्रम में शामिल होकर देशभक्ति की भावना को और प्रबल करें।

 

कार्यक्रम के दौरान सूर्या एजुकेशनल कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री श्रवण जायसवाल ने बताया कि संस्थान हर वर्ष हजारों छात्र-छात्राओं को निशुल्क ड्रेस उपलब्ध कराता है। यह पहल विद्यार्थियों को आत्मविश्वास और समानता की भावना देती है। उन्होंने डॉ. चतुर्वेदी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सूर्या ग्रुप पूर्वांचल में शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रहा है।

 

ड्रेस वितरण कार्यक्रम में बच्चों के साथ-साथ उनके अभिभावकों व शिक्षकों की उपस्थिति से माहौल बेहद उत्साहपूर्ण रहा। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिवार के प्रति आभार प्रकट किया।