अयोध्या में बड़े मंगल पर विशाल भंडारे का आयोजन, हजारों श्रद्धालुओं ने पाया प्रसाद

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। ज्येष्ठ माह के पांचवें और अंतिम बड़े मंगल के शुभ अवसर पर रामनगरी अयोध्या में एक भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। हनुमान गुफा के पास समाजसेवी संस्था अयोध्या धाम द्वारा एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद रूपी भोजन ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष श्री सुरेश यादव ने मीडिया से बातचीत में बताया कि अयोध्या धाम संस्था निरंतर समाजहित में कार्यरत है और धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि संस्था जिले में विभिन्न स्थलों पर बड़े मंगल के अवसर पर नियमित रूप से भंडारों का आयोजन करती आ रही है। श्री सुरेश यादव ने यह भी बताया कि हाल ही में समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए अयोध्या के जिलाधिकारी द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया है। उन्होंने अपनी संस्था का एकमात्र उद्देश्य बताते हुए कहा, “हमारी संस्था का एकमात्र उद्देश्य है अयोध्या में सेवा कार्यों को निरंतर गति प्रदान करना और हर जरूरतमंद तक सहायता पहुँचाना।”
हनुमान गुफा के पास आयोजित इस भंडारे में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर मंगलमय वातावरण का अनुभव किया। श्रद्धालुओं ने संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की और इस पुनीत प्रयास के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। इस अवसर पर संस्था के मीडिया प्रभारी आरपी सिंह, अखिलेश, अनिल वर्मा, रोहित शुक्ला सहित संस्था से जुड़े हुए अन्य लोग उपस्थित रहे।