हनुमत कथा मंडपम् का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया लोकार्पण, कहा – अयोध्या का विकास सनातन धर्म की विजय

हनुमत कथा मंडपम् का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया लोकार्पण, कहा – अयोध्या का विकास सनातन धर्म की विजय
के टी प्रोजेक्ट्स की पारुल जायसवाल व अंकित जायसवाल को किया गया सम्मानित

अयोध्या…

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या के पावन तीर्थ हनुमानगढ़ी में निर्मित ‘श्री हनुमत कथा मंडपम्’ का भव्य लोकार्पण किया। यह मंडप अब तक का अयोध्या का सबसे बड़ा कथा स्थल है, जिसमें एक साथ पांच हजार से अधिक श्रद्धालु बैठ सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि हनुमानगढ़ी केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि यह भक्ति, शक्ति, बुद्धि और युक्ति का संगम है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के मान और सम्मान के लिए यह स्थल सदैव प्रेरणा देता रहेगा। सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या को पहले उपेक्षित रखा गया, लेकिन डबल इंजन की सरकार ने इसके कायाकल्प में कोई कसर नहीं छोड़ी। श्रीराम जन्मभूमि पर बन रहे भव्य मंदिर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सौगंध राम की खाते हैं, मंदिर वहीं बनाएंगे’ के संकल्प को साकार किया है।
कार्यक्रम के दौरान केटी प्रोजेक्ट्स द्वारा इस भव्य मंडप के निर्माण में उत्कृष्ट कार्य के लिए परियोजना निदेशक इंजीनियर पारुल जायसवाल और परियोजना प्रबंधक अंकित जायसवाल को मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भावुक होते हुए पारुल जायसवाल ने कहा, “हनुमानगढ़ी जैसे पवित्र स्थल से जुड़े निर्माण कार्य का सौभाग्य मिला, यह मेरे जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। योगी आदित्यनाथ जी से सम्मान पाकर मैं स्वयं को कृतार्थ मानती हूं।” उन्होंने अपने सहयोगी अंकित जायसवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने दिन-रात मेहनत कर इस प्रोजेक्ट को भव्य रूप दिया।
इस मौके पर अयोध्या के प्रमुख संत-महंत, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्री हनुमत कथा मंडपम् अब अयोध्या के धार्मिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।