एनएच-28 पर भीषण सड़क हादसा: दो की मौत, नौ घायल

 

बस्ती। जनपद में एनएच-28 पर छावनी थाना क्षेत्र के वाल्मीकि इंटर कॉलेज के पास देर रात करीब 12 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गोरखपुर से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस तेज रफ्तार में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर छावनी थानाध्यक्ष भानू सिंह मौके पर पहुंचे और तत्काल घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से सीएचसी विक्रमजोत भेजवाया। गंभीर स्थिति में दो घायलों को अयोध्या ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सबसे अधिक नुकसान बस के आगे के हिस्से में हुआ, जहां बैठे दो व्यक्तियों की मौके पर ही जान चली गई।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा बस और ट्रक को भी जब्त कर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।