बहराइच में ‘यूपी, भारत का ग्रोथ इंजन’ थीम पर भव्य कार्यक्रम, सरकार की उपलब्धियों का हुआ प्रदर्शन

प्रदेश सरकार के सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति के आठ वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘यूपी, भारत का ग्रोथ इंजन’ थीम पर महाराज सिंह इंटर कॉलेज में जिला स्तरीय भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ मां सरस्वती की पूजा और दीप प्रज्ज्वलन कर किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चारू चौधरी, एमएलसी पदमसेन चौधरी, सदर विधायक अनुपमा जायसवाल, पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी, पूर्व सांसद अक्षयवर लाल गोंड, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय और अन्य जनप्रतिनिधियों ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों की चर्चा की। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा गणेश वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इस मौके पर ‘सबका साथ-सबका विकास उत्कर्ष के 08 वर्ष’ और ‘यूपी के उपयोगी 08 वर्ष’ विषयक पुस्तिकाओं का विमोचन भी किया गया।विधायक अनुपमा जायसवाल ने कहा कि जनपद बहराइच ने सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति के तहत कई विकासपरक और जनकल्याणकारी योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू कर प्रदेश में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने बताया कि जिले में 25 विभागों की 40 सेवाओं के संतृप्तिकरण के लिए जिलाधिकारी मोनिका रानी की पहल को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।
पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी ने कहा कि 2017 के बाद विद्युत क्षेत्र में व्यापक सुधार किए गए हैं, जिससे घर-घर बिजली पहुंची है और ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई गई है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीब बेटियों की शादी के लिए सरकार एक लाख रुपये खर्च कर रही है। वहीं, किसानों को 6000 रुपये की वार्षिक सम्मान निधि, गरीबों को मुफ्त राशन और आयुष्मान कार्ड के जरिए पांच लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा दी जा रही है।मुख्य अतिथि चारू चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से उत्तर प्रदेश आज देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। राज्य में 122 चीनी मिलें संचालित हो रही हैं, जबकि गन्ना, खाद्यान्न, फल और सब्जी उत्पादन में उत्तर प्रदेश शीर्ष पर है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को बेहतर बनाकर प्रदेश को अपराधमुक्त किया गया है, जिससे महिला सुरक्षा के मामलों में उत्तर प्रदेश पूरे देश में अग्रणी राज्य बन गया है।गरीबी उन्मूलन की दिशा में सरकार ने 6 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने में सफलता प्राप्त की है। 15 करोड़ लोगों को प्रतिमाह मुफ्त अनाज, 1.86 करोड़ से अधिक परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन, 2.86 करोड़ से अधिक किसानों को किसान सम्मान निधि और 9 करोड़ लोगों को पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य सुरक्षा कवच प्रदान किया गया है। साथ ही, वृद्धावस्था, निराश्रित महिला और दिव्यांगजन पेंशन को बढ़ाकर 1000 रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है।इस मौके पर प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, अमृत सरोवर, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को सम्मानित किया। इसके बाद अतिथियों ने स्कूल परिसर में लगे विभिन्न विभागों के स्टालों का निरीक्षण कर सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।यह आयोजन न केवल प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का एक माध्यम बना, बल्कि इससे लोगों को सरकारी योजनाओं और सुविधाओं के बारे में जागरूक होने का भी अवसर मिला।————————-—–