ताजमहल को रात में खोलने की पैरवी

 

उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विश्व का सबसे बड़ा धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन सफलता पूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें लगभग 66 करोड़ श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। इस ऐतिहासिक आयोजन ने पूरी दुनिया को “वसुधैव कुटुंबकम” का संदेश दिया और इसके विशाल प्रबंधन को लेकर देश के विश्वविद्यालय और संस्थान अध्ययन कर रहे हैं।पर्यटन मंत्री एक स्थानीय होटल में आयोजित “उत्तर प्रदेश: अवसरों का प्रदेश” थीम पर केंद्रित एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति पर चलते हुए आठ वर्षों की उपलब्धियां पूरी कर चुकी है। इस दौरान प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में ठोस रणनीति तैयार की गई है।पर्यटन मंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में केंद्र सरकार और 8 वर्षों में राज्य सरकार की नीतियों ने उत्तर प्रदेश को भारत का ग्रोथ इंजन बनने की ओर अग्रसर किया है। 2017 से पहले प्रदेश की कानून व्यवस्था और विकास की स्थिति किसी से छिपी नहीं थी, लेकिन योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद से हर क्षेत्र में बदलाव आया है।उत्तर प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र ने तेज़ी से विकास किया है और घरेलू पर्यटन में यह राज्य पहले स्थान पर पहुंच चुका है। विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के लिए भी अवस्थापना सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। इसके तहत ताजमहल को रात में खोलने के लिए भारत सरकार से गंभीर पैरवी की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक पर्यटक इसका रात्रि सौंदर्य देख सकें और इससे राज्य के पर्यटन उद्योग को और गति मिले।पर्यटन क्षेत्र में रोजगार और निवेश की असीम संभावनाओं को देखते हुए धार्मिक, आध्यात्मिक, इको-टूरिज्म, एडवेंचर और होम-स्टे जैसी योजनाओं को ज़मीन पर उतारा जा रहा है। काशी, प्रयागराज, अयोध्या और कुशीनगर जैसे धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित हो रहे हैं।इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल, पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, मिथलेश नंदन शास्त्री (अयोध्या), भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह, सुपर जॉइंट्स के क्रिकेटर और आईआईएम के प्रोफेसर सत्यभूषण दास भी उपस्थित रहे।उत्तर प्रदेश सरकार की इन पहलियों से प्रदेश को धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में तेजी से प्रयास हो रहे हैं, जिससे निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।