बस्ती। जिले के कप्तानगंज और छावनी थाना क्षेत्रों में हुई तीन चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। एक बाल अपचारी समेत चोरी में शामिल पांच की गिरफ्तारी कर उनके पास से नगदी और सामान की बरामदगी की है।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बुद्धगंज स्थित देशी शराब दुकान से चोरी हुए एक लाख 10 हजार रुपयों में से 95 हजार रुपए नगदी, एक डीवीआर, दो बाइक की बरामदगी कर 20 से 30 वर्ष के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। चोरी में वांछित एक बाल अपचारी को भी पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में लिया। पुलिस, एसओजी,सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्यवाही में सभी की अक्षतपुर तिराहे से गिरफ्तारी की है। गिरफ्त में आये चोरों की पहचान दुबौलिया थाना क्षेत्र के एकडेगवा निवासी अनुराग चौधरी(20), कप्तानगंज थाना क्षेत्र के खौपोखर निवासी रवि जायसवाल (30), जितेंद्र विश्वकर्मा (31) व एक बाल अपचारी के रुप में हुई। 30 दिसंबर 2024 की रात हुई चोरी के मामले में देशी शराब दुकान के लाइसेंसी नगर थाना क्षेत्र के रमवापुर कला निवासी रामबृक्ष की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। वहीं 18 मार्च की रात छावनी थाना क्षेत्र के विक्रमजोत स्थित एक दुकान व एक पान की गुमटी से हुई 42 सौ रुपए नगदी व अन्य सामानों की शत प्रतिशत बरामदगी कर पुलिस ने एक युवक की गिरफ्तारी की है। उसकी पहचान छावनी थाना क्षेत्र के धुसैनिया बाबा निवासी मुकुल पांडेय (25) के रुप में हुई है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे हनुमानगंज से अमौलीपुर के रास्ते पर नहर पुलिया से गिरफ्तार किया। पकड़े गए चोरों के पास से बरामद रुपयों और सामानों को कब्जे में लेते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण कर पुलिस ने उन्हें न्यायालय के लिए रवाना किया।