महिला अपराध से संबंधी मामलों में वांछितों की हो शत प्रतिशत गिरफ्तारी

बस्ती: पुलिस उपमहानिरीक्षक दिनेश कुमार पी. ने कहा कि संगीन आपराधिक मामलाें की विवेचना ई-साक्ष्य एप पर विवेचक द्वारा निरीक्षण घटनास्थल का फोटो,वीडियो, बरामदगी, गिरफ्तारी तत्काल अपलोड कराया जाए। नए कानून के तहत विवेचना में लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीआइजी रेंज गुरुवार को परिक्षेत्र के बस्ती, संतकबीरनगर व सिद्धार्थनगर जिले की कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। कहा कि लंबित हत्या के अभियोगों का गुण-दोष के आधार पर यथाशीघ्र निस्तारण कराया जाए। लूट, डकैती, दहेज हत्या, फिरौती हेतु अपहरण, गृहभेदन एवं कातिलाना हमले के केस में आरोपितों की गिरफ्तारी कराकर नियमानुसार उसका निस्तारण कराया जाए। उनके विरुद्ध प्रभावी पैरवी कराकर सजा करायी जाए। पुलिस उपमहानिरीक्षक ने कहा कि महिला संबंधी अपराध, दुष्कर्म, शीलभंग, अपहरण,पाक्सो एक्ट से सम्बन्धित वांछित अभियुक्तों की शत प्रतिशत गिरफ्तारी हो। नियमानुसार निरोधात्मक कार्यवाई की जाए। वांछित अभियुक्तो की गिरफ्तारी व लम्बित अभियोगो के विवेचना के निस्तारण हेतु विशेष अभियान चलाया जाये। दलित उत्पीड़न से सम्बन्धित प्रकरण में साक्ष्य के आधार पर विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए । पुलिस से जुड़े धारा 14(1) व 14 (2) के अंतर्गत लंबित प्रकरणों का निस्तारण यथाशीघ्र कराया जाए। लंबित प्रारंभिक जांचों का निस्तारण यथाशीघ्र हो। लंबित मृतक आश्रित के सेवायोजन से संबंधित प्रकरण व स्वजन के लंबित पेंशन प्रकरण का निस्तारण तत्काल कराएं।