गुब्बारे में हवा भरने वाला सिलिंडर फटा, तीन घायल

बस्ती: गौर थानाक्षेत्र के भुईलाडीह मेले में गुब्बारे में हवा भरने वाले सिलिंडर के फटने से तीन लोग घायल हो गए हैं । मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौर पहुंचाया जहां दो की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। जबकि एक को हल्की चोट आने के चलते वहीं से घर जाने दिया गया। परशुरामपुर निवासी 27 वर्षीय राजू गुप्ता पुत्र परागदीन गुप्ता बभनान में किराए के मकान में रहकर भूजे की दुकान करते हैं। बुधवार की सुबह वह भुईलाडीह मंदिर परिसर में लगे मेले में गुब्बारा की दुकान लगाए थे। शाम करीब छह बजे सिलेंडर अचानक फट गया। राजू गुप्ता, उनके रिश्तेदार दयाशंकर उर्फ सिंधु पुत्र भोलू निवासी तेनुआ ,थाना पैकोलिया गंभीर रूप से घायल हो गए। वही पास खड़ा गौर थाना क्षेत्र के सिकरी गांव निवासी 14 वर्षीय सचिन को हल्की चोटे आई।