स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए सरकार की बड़ी पहल

लखनऊ उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग और स्टार्टअप इकोसिस्टम को सशक्त करने के लिए तेजी से कदम उठा रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन लिमिटेड की समीक्षा बैठक बापू भवन, लखनऊ के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने की, जिसमें प्रमुख सचिव अनुराग यादव, विशेष सचिव राहुल सिंह, विशेष सचिव नेहा जैन तथा उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रवि रंजन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC) के विस्तार, स्टार्टअप्स को सहयोग, प्रशासनिक प्रक्रियाओं की दक्षता और रोजगार सृजन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर का विस्तार कर इसे टियर-2 और टियर-3 शहरों में भी स्थापित किया जाए। उन्होंने गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ और कानपुर जैसे प्रमुख शहरों में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग जोन विकसित करने पर जोर दिया, जिससे प्रदेश में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।बैठक में लखनऊ में एक अत्याधुनिक स्टार्टअप हब स्थापित करने की योजना को भी प्राथमिकता दी गई। मंत्री ने कहा कि यह हब प्रदेश में नवाचार, उद्यमिता और स्टार्टअप संस्कृति को गति देगा, जिससे स्थानीय स्टार्टअप्स को एक मजबूत प्लेटफॉर्म मिलेगा। उन्होंने विभाग में रिक्त पदों को शीघ्र भरने के निर्देश दिए, जिससे प्रशासनिक कार्यों में दक्षता आएगी और योजनाओं का क्रियान्वयन अधिक सुचारू रूप से किया जा सकेगा।मंत्री ने स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन देने की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और ऑटोमेटेड बनाने पर भी जोर दिया, ताकि वे अनावश्यक प्रशासनिक जटिलताओं से मुक्त होकर प्रदेश में निर्बाध रूप से कार्य कर सकें।उत्तर प्रदेश सरकार की यह पहल प्रधानमंत्री के ट्रिलियन-डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य को साकार करने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश को विश्व स्तरीय स्टार्टअप और इलेक्ट्रॉनिक्स हब के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।