लखनऊ। नगर आयुक्त के आदेश पर नगर निगम जोन-2 द्वारा 15 फरवरी 2025 को वार्ड मालवीय नगर में बड़े बकायेदारों के खिलाफ कुर्की और सीलिंग की कार्रवाई की गई। इस अभियान का उद्देश्य नगर निगम के बकाया गृहकर की वसूली सुनिश्चित करना और निगम के संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना था। इस दौरान लोक निर्माण विभाग (PWD) के अंतर्गत विभिन्न भवनों पर कार्रवाई की गई।अभियान के तहत गोदाम, सेंट्रल स्टोर और सेंट्रल गोदाम सहित कई महत्वपूर्ण भवनों पर सीलिंग की गई। इन भवनों पर कुल 1,70,58,141 रुपये गृहकर बकाया था। इनमें गोदाम और रेजीडेंसी पर 38,96,954 रुपये, सेंट्रल स्टोर पर 2,13,308 रुपये, सेंट्रल स्टोर-2 पर 33,42,066 रुपये, एक अन्य सेंट्रल स्टोर पर 55,86,128 रुपये और सेंट्रल गोदाम पर 39,19,685 रुपये का बकाया था।इस विशेष अभियान का नेतृत्व जोनल अधिकारी सुश्री शिल्पा कुमारी ने किया। उनके साथ कर अधीक्षक ओम प्रकाश सोनी, वार्ड राजस्व निरीक्षक धीरेन्द्र प्रताप सिंह, प्रदीप श्रीवास्तव, सिब्ते रजा और ETF टीम भी शामिल रही। यह कार्रवाई नगर निगम की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने और बकायेदारों को बकाया राशि जमा करने के लिए चेतावनी देने के उद्देश्य से की गई।नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे, ताकि नगर निगम की आय में वृद्धि हो और शहर की नागरिक सुविधाओं में सुधार किया जा सके। अधिकारियों ने बकायेदारों को आगाह किया कि यदि समय पर गृहकर जमा नहीं किया गया तो उन्हें सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
—————————— —————————— ———————-