गोमती नगर स्थित गायत्री शक्तिपीठ में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा 2024 के विजेताओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। भावी पीढ़ी की उन्नति और भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से हर वर्ष इस परीक्षा का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष घोषित परिणामों में गोमती नगर केंद्र से मेरिट सूची और कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। न्यू पब्लिक इंटर कॉलेज की पवनपुरी शाखा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, नीलमथा ब्रांच द्वितीय स्थान पर रही और लखनऊ पब्लिक स्कूल विराट खंड शाखा तृतीय स्थान पर रहा।विजयी विद्यार्थियों को नगद पुरस्कार, मेडल्स और साहित्यिक पुरस्कार भेंट किए गए। उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान न्यू पब्लिक इंटर कॉलेज, पवनपुरी शाखा की कक्षा सात की छात्रा पावनी मिश्रा, जो द्वितीय स्थान पर रहीं, ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि इस परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्हें सनातन संस्कृति का वह गूढ़ ज्ञान प्राप्त हुआ, जो सामान्य शैक्षणिक सत्र में नहीं मिलता। उन्होंने बताया कि हिंदू परिवार से होने के कारण वह देवी-देवताओं से परिचित थीं, लेकिन इस परीक्षा ने उन्हें सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति की व्यापक समझ दी।सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित अतिथियों ने भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए इस प्रकार की परीक्षाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को इस दिशा में आगे बढ़ने और अपनी जड़ों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।