बस्ती: पुलिस उप महानिरीक्षक दिनेश कुमार पी. ने कहा कि परिक्षेत्र में नाकाबंदी की योजना बना कर चेकिंग की त्रिस्तरीय व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। अपराध होते ही अब रेंज के सभी जिलों की सीमाएं सील होंगी। नाकाबंदी के दौरान हाट स्पाट्स पर तैनात सशस्त्र पुलिसकर्मी सुरक्षा उपकरणों से लैस होंगे। डीआइजी ने बताया कि परिक्षेत्र के बस्ती, सिद्धार्थनगर व संतकबीरनगर जिले में पुलिस की ओर से कुल 145 नाकेबंदी प्वाइंट चिंहित कर लिए गए है। प्रत्येक प्वाइंट पर सीसी कैमरा, बैरियर लगाकर वहां पुलिस पिकेट तैनात किया जाएगा। सीमा से होकर आने जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर पैनी नजर रहेगी। पूरी तरह से नाकेबंदी योजना को लागू करने के बाद किसी प्रकार से असामाजिक तत्व एवं किसी प्रकार की संदिग्ध सामग्री जिले की सीमा में नही आ सकेगी। इसके लिए बस्ती जनपद में 29, संतकबीरनगर में 27 व सिद्धार्थनगर में सर्वाधिक 89 पिकेट प्वाइंट चिंहित कर लिए गए हैं। सीमाओं पर अलग अलग नाकाबंदी के पाइंट बनाकर वहां से गुजरने वाले वाहनों व व्यक्तियों की सघन जांच की जाएगी।