खुसरोबाग में मौनी अमावस्या के अमृत स्नान के लिए तैयार है होल्डिंग एरिया

महाकुम्भ नगर। तीर्थराज प्रयागराज में महाकुम्भ 2025 का आयोजन दिव्य और भव्य तरीके से हो रहा है। देश भर से लाखों, करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन त्रिवेणी संगम में स्नान करने प्रयागराज आ रहे हैं। महाकुम्भ का सबसे बड़ा अमृत स्नान 29 जनवरी, मौनी अमावस्या कि तिथि पर किया जाएगा। इस दिन 10 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के पवित्र संगम में स्नान करने का अनुमान है। मौनी अमावस्या के दिन महाकुम्भ में आने-जाने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के भीड़ प्रबंधन के लिए प्रयागराज रेल मण्डल ने स्पेशल प्लान बनाया है। इसके लिए रेलवे स्टेशन के बाहर खुसरो बाग में अतिरिक्त होल्डिंग एरिया और मॉब चैनलाइजेशन के लिए आरपीएफ और सिविल पुलिस ने मिलकर योजना तैयार कर ली है।
महाकुम्भ 2025 के दिव्य और भव्य आयोजन को देखकर भारी संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज आ रहे हैं। मकर संक्रांति के पर्व के पर 3.5 करोड़ श्रद्धालुओं ने पवित्र संगम में स्नान किया। महाकुम्भ के सबसे बड़े पर्व मौनी अमावस्या पर 10 करोड़ श्रद्धालुओं का त्रिवेणी संगम में अमृत स्नान करने का अनुमान है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मेला प्रशासन और रेलवे प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किये हैं। प्रयागराज रेल मण्डल के सीनियर पीआरओ अमित मालवीय ने बताया कि मौनी अमावस्या तिथि पर भीड़ प्रबंधन के लिए प्रयागराज रेलवे ने स्पेशल प्लान तैयार किया है। श्रद्धालुओं की भीड़ को मैनेज करने और उनके विश्राम के लिए स्टेशन परिसर से बाहर खुसरो बाग में होल्डिंग एरिया तैयार कर लिया गया है। जिसमें 1 लाख से अधिक श्रद्धालुओं को एक बार में ठहराया जा सकेगा।