प्रयागराज सर्जन एसोसिएशन ने किया महाकुंभ में 200 कंबल वितरित

प्रयागराज। महाकुंभ के पवित्र संगम क्षेत्र में आज एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया प्रयागराज सिटी चैप्टर की ओर से जरूरतमंद लोगों के लिए कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सर्दी से ठिठुरते गरीब और मेला क्षेत्र में मौजूद आमजन को राहत देने के उद्देश्य से सिटी चैप्टर ने सेवा भावना के साथ यह आयोजन किया, जिसमें 200 कंबल वितरित किए गए।
यह कार्यक्रम एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया के इमीडिएट पास्ट प्रेसिडेंट डॉ. प्रोबाल नियोगी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया के गवर्निंग काउंसिल के सदस्य और सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ.वैभव श्रीवास्तव के समन्वय से किया गया। सिटी चैप्टर के अध्यक्ष डॉ.सुजीत सिंह, सचिव डॉ. संजय सिंह, ट्रेजरर डॉ. अभिनव अग्रवाल, संयुक्त सचिव डॉ. संतोष सिंह, संरक्षक डॉ.अशोक अग्रवाल और डॉ. शार्दुल सिंह सहित प्रयागराज इकाई के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
अध्यक्ष डॉ.सुजीत सिंह और सचिव डॉ.संजय सिंह ने जानकारी दी कि इस पहल का उद्देश्य मानवता और सहानुभूति के साथ समाज की सेवा करना है। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया उत्तर प्रदेश चैप्टर के तहत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरीब और जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम “पेबैक टू सोसाइटी” की सोच के साथ किया गया है, जिसमें समाज को जागरूकता और सेवा के माध्यम से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इस मौके पर डॉ. वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि हमारी सर्जिकल समिति न केवल चिकित्सा के क्षेत्र में काम कर रही है, बल्कि सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी भी निभा रही है। बीते वर्षों की तरह इस बार भी इस कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। भविष्य में भी हम ऐसी गतिविधियों में भाग लेते रहेंगे।