आउट सोर्सिंग में काम दिलाने के नाम पर डेढ़ लाख रूपए ले लिया, वापस मांगने पर मिली धमकी

 

बस्ती । कलवारी थाना क्षेत्र के उमरिया निवासी अनिल कुमार पाण्डेय ने एक व्यक्ति पर आउट सोर्सिंग में उसके पुत्र को काम दिलाने की गारंटी देकर डेढ़ लाख रूपया खाते में जमा करवा लेने, काम न मिलने पर दिया गया रूपया वापस मांगने पर पिता, पुत्र को गाली देने, हत्या कर लाश को गायब कर देने की धमकी देने का आरोप लगाया है। न्यायालय में दिये गये प्रार्थना पत्र में कहा है कि कलवारी थाना क्षेत्र के मदनपुरा (राजपुर बैरिहवा) निवासी प्रदीप मिश्र ने आउट सोर्सिंग में उसके पुत्र को काम पर लगाने की गारंटी और आश्वासन दिया। उस पर भरोसा कर उसने आरोपी द्वारा बताए गए एसबीआई शाखा गायघाट पोखरनी मे एक लाख 50 हजार रूपया जमा कर दिया। जब उसके बेटे को आउटसोर्सिंग में नहीं लगाया गया तो उसने और उसके बेटे ने अपने दिये गये रूपये को वापस मांगा। जिस पर आरोपी ने गाली देते हुए धमकी दी कि यदि इस बारे में जुबान खोला तो मार कर लाश गायब कर देंगे। मामले में न्यायालय के आदेश पर आरोपी के खिलाफ गबन, धोखाधड़ी, जानमाल की धमकी देने की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस विवेचना कर रही है।