साइबर क्राइम सेल द्वारा ठगी गये ₹3,50,667/- रुपये वापस कराए गए

पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के साइबर क्राइम सेल ने त्वरित कार्यवाही करते हुए शिकायतकर्ता से ठगे गए ₹3,50,667/- रुपये को वापस करवा दिया। यह कार्यवाही श्रीमान पुलिस आयुक्त महोदय के निर्देश पर चलाए जा रहे साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत की गई।शिकायतकर्ता ने 22 अक्टूबर 2024 को साइबर क्राइम सेल में एक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें बताया कि उन्होंने ऑनलाइन दवा खरीदी थी, लेकिन डिलीवरी में देरी होने पर कस्टमर केयर नंबर गूगल पर सर्च कर कॉल किया। इस दौरान अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें झांसा देकर खाते की गोपनीय जानकारी ली और ₹4,50,000/- रुपये ट्रांसफर कर लिए।साइबर क्राइम सेल ने त्वरित कार्यवाही करते हुए संबंधित बैंक और कंपनियों से संपर्क कर संदिग्ध खातों को फ्रीज किया और ₹3,50,667/- रुपये शिकायतकर्ता के खाते में वापस कराए।शिकायतकर्ता ने पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की इस त्वरित कार्यवाही की सराहना की और धन्यवाद प्रकट किया।साइबर क्राइम सेल ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी कंपनी का कस्टमर केयर नंबर गूगल से न लें, बल्कि हमेशा कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से ही सही नंबर प्राप्त करें।