लखनऊ मण्डलायुक्त और नगर आयुक्त के नेतृत्व में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत व्यापक कार्यवाही की गई। इस कार्यवाही में लखनऊ जिले के ग्राम धावा, पुरसेनी और सोनई कंजेहरा में सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त किया गया।नगर निगम लखनऊ और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा इस अभियान को अंजाम दिया गया। टीम का नेतृत्व नायब तहसीलदार शैव्या मिश्रा, भानु प्रकाश त्रिपाठी और नीरज कटियार ने किया। इस दौरान स्थानीय लोगों और प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा विरोध किया गया, लेकिन शांतिपूर्ण तरीके से कार्यवाही पूरी की गई।ग्राम धावा में 1.345 हेक्टेयर, ग्राम पुरसेनी में 3.337 हेक्टेयर और ग्राम सोनई कंजेहरा में 0.502 हेक्टेयर भूमि पर अतिक्रमण हटाया गया। कुल 5.1840 हेक्टेयर बेशकीमती सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाकर उसे अतिक्रमणमुक्त किया गया।कार्यवाही के दौरान जेसीबी मशीन की मदद से अस्थाई बाउंड्रीवाल, प्लॉटिंग, सड़कें और रिहायशी संरचनाओं को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा, कुछ स्थानों पर अवैध कृषि कार्य भी हटाया गया।यह कार्यवाही नगर निगम और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा की गई, जिसमें पुलिस बल और प्रवर्तन दल का भी पूरा सहयोग प्राप्त हुआ।