उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग ने प्रदेश में महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर अंकुश लगाने और पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से आज महिला जनसुनवाई का आयोजन किया। यह सुनवाई आयोग के मुख्यालय लखनऊ पर आयोजित की गई, जिसमें अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने 49 प्रचलित मामलों के साथ 9 नए प्रार्थना पत्रों पर भी सुनवाई की और त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।इस दौरान, आयोग कार्यालय में विभिन्न माध्यमों से प्राप्त 196 नए प्रार्थना पत्रों पर भी त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।इसके साथ ही, अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान के निर्देशानुसार आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव और अन्य सदस्यों ने प्रदेश के 23 जनपदों में मिशन-शक्ति फेज-5 के अंतर्गत महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और विभिन्न महिला गृहों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर पीड़ित महिलाओं की समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया।इस पहल से महिलाओं को तत्काल राहत मिलने की उम्मीद है और महिला उत्पीड़न के खिलाफ आयोग की सख्त कार्यवाही का संदेश गया है।