महाकुंभ 2025: प्रयागराज में अखाड़ा वाक टूर और कांबो पैकेज के साथ श्रद्धालुओं के लिए नए अनुभव

लखनऊ  तीर्थराज प्रयागराज में महाकुंभ 2025 का आगाज हो चुका है, और इस बार श्रद्धालुओं को अलग-अलग और रोमांचक अनुभवों का अवसर मिलेगा। उत्तर प्रदेश स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (यूपीएसटीडीसी) ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष पैकेज तैयार किए हैं, जिनमें अखाड़ा वाक टूर और कांबो पैकेज प्रमुख हैं।अखाड़ा वाक टूर में श्रद्धालुओं को 2,000 रुपये की धनराशि में विभिन्न अखाड़ों का भ्रमण कराया जाएगा। यह टूर परेड ग्राउंड के टेंट कॉलोनी से सुबह 7 बजे शुरू होगा और 9:30 बजे तक दो घंटे में प्रमुख अखाड़ों का विस्तृत अवलोकन कराया जाएगा। इस दौरान पर्यटकों को अखाड़ों की सांस्कृतिक और धार्मिक महत्ता के बारे में जानकारी दी जाएगी। टूर में शामिल होने के लिए कम से कम पांच लोगों का ग्रुप बनाना आवश्यक होगा। बुकिंग नचेजकबण्बवण्पद से की जा सकती है।
3500 रुपये में कांबो पैकेज के तहत श्रद्धालुओं को अखाड़ों के साथ-साथ नागा साधुओं, अघोरी संप्रदाय और कल्पवासियों के दर्शन करने का मौका मिलेगा। यह टूर सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलता है, और इसके दौरान वॉक एक्सपर्ट, मेला नक्शा, प्रिंटेड हैंडआउट्स, इको-फ्रेंडली कैरी बैग और मिनरल वॉटर प्रदान किया जाएगा। इस टूर का उद्देश्य श्रद्धालुओं को महाकुंभ के धार्मिक और सांस्कृतिक पहलुओं से रूबरू कराना है।महाकुंभ में प्रमुख अखाड़ों की जानकारी भी प्रसारित की जा रही है, जिनमें  पंचदशनाम जूना अखाड़ा,  पंचायती अखाड़ा निरंजनी,  पंच अटल अखाड़ा,  पंचायती महानिर्वाणी अखाड़ा,  तपोनिधि आनंद अखाड़ा पंचायती,  पंचदशनाम आवाहन अखाड़ा,  पंचदशनाम अग्नि अखाड़ा और  दिगंबर अनी अखाड़ा शामिल हैं। इन अखाड़ों के बारे में श्रद्धालुओं को विशेष जानकारी दी जाएगी, जो महाकुंभ के धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को समझने में मदद करेगी।महाकुंभ में आस्था, भक्ति और संस्कृति के अद्भुत संगम को महसूस करने के लिए ये विशेष टूर पैकेज श्रद्धालुओं के लिए एक बेहतरीन अवसर प्रदान कर रहे हैं।