मार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन करने में 9 नामजद, 40 अज्ञात पर मुकदमा

 

बस्ती। गौर थाना क्षेत्र के वार्ड नं0 5 लोहियानगर भटहा जंगल निवासी 9 नामजद, 30- 40 अज्ञात महिलाओं, पुरूषों के खिलाफ पैकोलिया पुलिस ने बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पैकोलिया थाना क्षेत्र के बभनान हर्रैया के अगया बुजुर्ग सांई मंदिर मोड पर भटहा जंगल यादव पुरवा निवासी साहुल यादव की हादसे में मौत बाद शव को सड़क के बीच रखकर उसके परिजनों और ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर मार्ग अवरूद्ध कर दिया था। काफी मान मनौव्वल के बाद पुलिस ने उन्हे समझा बुझाकर मार्ग जाम समाप्त कराया था। उनका आरोप था कि सूचना बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। एसआई राजेन्द्र यादव ने मामले में राम सहाय, सौरभ चौहान, विशाल चौहान, राज यादव उर्फ बादशाह, आशा देवी, संगमवती, समय प्रसाद यादव, राहुल यादव, राम लौट व 30 – 40 अज्ञात महिला, पुरुष के खिलाफ थाने पर तहरीर दी। कहा कि बभनान हर्रैया मार्ग पर अगया बुजुर्ग सांई मंदिर मोड़ पर सड़क के बीचों बीच अपनी अनुचित मांगों को लेकर उनके धरने पर बैठने से हर्रैया बभनान मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया, आने जाने वाले लोंगो को काफी कठिनाईयों को सामना करना पडा।
बता दें कि तीन जनवरी को पैकोलिया थाना क्षेत्र के बभनान-कठौतिया-सांवडीह मार्ग पर नहर पुलिया के पास साहुल की रात उसकी मोटर साईकिल में रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार आ रही एक दूसरी मोटरसाइकिल से भिड़ंत हो गई। इस हादसे में साहुल गंभीर रूप से घायल हो गया, मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए। मौके पर पहुंचे साहुल के परिवार वाले उसे जिला अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सक ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना उसके परिजनों ने पैकोलिया पुलिस को दी और मौके पर बुलाने की कोशिश की, लेकिन काफी समय तक पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची। इसके बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बभनान-हरैया मार्ग को जाम कर पैकोलिया पुलिस के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा बुरूाकर जाम खोलवाया था।