उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन मेले में हिस्सा लेने का निर्णय लिया

लखनऊ उत्तर प्रदेश की पर्यटन संपदा और सामर्थ्य को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने के लिए, प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने घोषणा की कि पर्यटन विभाग आगामी वर्ष में स्पेन और जर्मनी में होने वाले अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन उद्योग मेलों में अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराएगा। यह आयोजन 24 से 28 जनवरी, 2025 तक स्पेन की राजधानी मैड्रिड और 04 से 06 मार्च, 2025 तक जर्मनी की राजधानी बर्लिन में आयोजित होंगे।मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस अवसर पर प्रदेश में स्थित 12 प्रमुख टूरिज्म सर्किट, ओडीओपी (एक जिला, एक उत्पाद), हस्तशिल्प और अन्य विशेषताओं का प्रदर्शन किया जाएगा। इस मेले का उद्देश्य विदेशी पर्यटकों को उत्तर प्रदेश की ओर आकर्षित करना है, जिससे प्रदेश पर्यटन के मामले में पूरे देश में पहले स्थान पर स्थापित हो सके।उन्होंने कहा कि इस मेले में प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध विरासत और विशेषताओं की जानकारी विदेशी पर्यटकों को दी जाएगी। इसके अलावा, यह भी बताया जाएगा कि उत्तर प्रदेश अब “नये भारत का नया उत्तर प्रदेश” बन चुका है, जहाँ सुरक्षा के साथ बेहतर परिवहन सुविधाएं जैसे रेल, वायु, वाटर-वे और एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी उपलब्ध है।उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग 40 वर्ग मीटर के प्रदर्शनी स्थल पर अपनी उपस्थिति दर्ज करेगा, जिसमें 12 टूरिज्म सर्किट के महत्वपूर्ण स्थलों के साथ हस्तकला, ओडीओपी और विभिन्न कलाकृतियों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, वीवीआईपी लाउंज, इंटरएक्टिव सेल्फी जोन, और डिजिटल माध्यमों के जरिए दर्शकों से जुड़ने के प्रयास किए जाएंगे।
इस आयोजन में टूर ऑपरेटरों और अन्य हितधारकों के साथ बिजनेस-टू-बिजनेस और बिजनेस-टू-कंज्यूमर इंटरएक्शन को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे उत्तर प्रदेश को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित किया जाएगा।पर्यटन मंत्री ने बताया कि इन आयोजनों में महाकुंभ-2025, बौद्ध सर्किट, ईको-पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन और वेलनेस पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही, उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक उत्सवों और विरासत स्थलों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।इस प्रदर्शनी को पेशेवर एजेंसियों के सहयोग से अत्याधुनिक डिज़ाइन और निर्माण के साथ प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि उत्तर प्रदेश का पर्यटन स्थल वैश्विक मानचित्र पर और अधिक प्रमुख बन सके।