नोएडा में महाकौथिग मेला: लोक कला और महाकुंभ का संगम

लखनऊ नोएडा स्टेडियम सेक्टर-21 में उत्तर प्रदेश पर्यटन द्वारा प्रायोजित पांच दिवसीय पारंपरिक लोक कला एवं हस्तशिल्प मेला महाकौथिग का आयोजन किया जा रहा है। 21 से 25 दिसंबर 2024 तक चलने वाले इस मेले का उद्देश्य कला और संस्कृति को बढ़ावा देना है। मेले में बड़ी संख्या में आगंतुक पहाड़ी कला, संस्कृति और खानपान का आनंद ले रहे हैं।प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस आयोजन में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की सांस्कृतिक समानताओं को रेखांकित किया गया है। मेले में प्रसिद्ध लोक गायक और कवि अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं। साथ ही, विभिन्न हस्तशिल्प और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए आगंतुकों को स्थानीय परंपराओं से परिचित कराया जा रहा है।मेले के दौरान एलईडी स्क्रीन के माध्यम से महाकुंभ-2025 का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। प्रयागराज में आयोजित होने वाले महाकुंभ की तैयारियों और सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है, जिसमें टेंट सिटी, सुव्यवस्थित स्नान-ध्यान और पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्थाएं शामिल हैं।पर्यटन मंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल कला-संस्कृति को बढ़ावा देते हैं, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा करते हैं। इसके माध्यम से अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है और आगंतुकों को पर्यटन का एक अनूठा अनुभव प्राप्त होता है। महाकुंभ-2025 के भव्य आयोजन की दिशा में यह मेला जनसंपर्क और सांस्कृतिक संवर्धन का महत्वपूर्ण कदम है।