लखनऊ श्रम एवं सेवायोजन विभाग द्वारा बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ (टीसीएस) के साथ समझौते को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने की।बैठक के दौरान रोजगार संगम पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के पंजीकृत युवाओं को 3,000 से अधिक प्रतिष्ठित निजी कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की योजना पर चर्चा की गई। इसके तहत रोजगार मेलों, कैंपस प्लेसमेंट, डायरेक्ट हायरिंग और ओवरसीज प्लेसमेंट जैसे माध्यमों से युवाओं को नौकरियां प्रदान की जाएंगी।
टीसीएस के सहयोग से पोर्टल पर करियर संबंधी पाठ्यक्रम, शैक्षणिक संस्थान, प्रवेश परीक्षाएं और छात्रवृत्ति से जुड़ी जानकारी भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। डिजिटल लर्निंग कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को कॉर्पोरेट जगत के लिए तैयार किया जाएगा। इसमें कम्युनिकेशन स्किल्स, साक्षात्कार की तैयारी, रिज्यूमे निर्माण, लेखा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर वीडियो मॉड्यूल्स भी शामिल हैं।पाठ्यक्रम पूरा करने पर युवाओं को “जॉब रेडी” प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा, जो निजी क्षेत्र में रोजगार पाने में सहायक होगा। साथ ही, उद्योग विशेषज्ञों के माध्यम से नई तकनीकों और रोजगार बाजार की मांग के अनुरूप लाइव सेशन और रिकॉर्डिंग्स के जरिए मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।इस बैठक में प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन नेहा प्रकाश, निदेशक प्रशिक्षण एवं सेवायोजन मीनल सिंह, टीसीएस के नेशनल हेड पी.के. पुंडीर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि यह समझौता प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगा और उनकी संभावनाओं को एक नई दिशा देगा।