21 दिसंबर से शुरू होगा 05 दिवसीय मेरठ महोत्सव,

लखनऊ, पर्यटन विभाग उत्तर प्रदेश के सौजन्य से 21 दिसंबर से 05 दिवसीय मेरठ महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव के दौरान नृत्य, संगीत, गायन, कला की रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिसमें लगभग 30 कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही, वर्कशाप और वाद-विवाद के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। महोत्सव में 200 से अधिक विभिन्न विषयों पर प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें मेरठ के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, हस्तशिल्प, ओडीओपी के उत्पाद, व्यंजन और गौरवशाली इतिहास पर आधारित कार्यक्रम शामिल होंगे।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस महोत्सव में अभिनेत्री सांसद हेमा मालिनी, सुप्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास, गायिका हर्षदीप कौर, नीति मोहन, शंकर महादेवन और अन्य लोकप्रिय कलाकार कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। इसके अलावा, स्थानीय कलाकार भी रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे। प्रतिदिन कॉन्फ्रेंस का आयोजन होगा, जिसमें स्टार्टअप संवाद, नारी तू नारायणी, निपुणता की ओर, श्री अन्ना, श्रेष्ठ अन्ना और करियर कान्क्लेव जैसे प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होगी।पर्यटन मंत्री ने बताया कि इस महोत्सव में चाउ नृत्य, पपेट शो, उड़ीसा का नृत्य (ओडिसी), थिएटर परफार्मेंस, कथक डांस, रास गरबा डांस, कवि सम्मेलन, मोटिवेशनल स्पीच जैसी प्रमुख आकर्षणें रहेंगी। इसके अतिरिक्त बॉलीवुड क्लासिक, कल्चरल नाइट, धुन से ताल तक, इंडी पॉप नाइट, सूफी नाइट और बॉलीवुड नाइट का भी आयोजन होगा।जयवीर सिंह ने कहा कि मेरठ का इतिहास महाभारत और हिंदू पौराणिक कथाओं से जुड़ा हुआ है, और 1857 के स्वतंत्रता संग्राम की शुरुआत भी यहीं से हुई थी। मेरठ की औद्योगिक और सांस्कृतिक धरोहर को दर्शाने का यह महोत्सव एक अहम कदम है। महोत्सव के माध्यम से मेरठ की आर्थिक, सांस्कृतिक और पर्यटन क्षमताओं को दुनिया के सामने लाने का लक्ष्य है, और उन्हें विश्वास है कि यह आयोजन इस लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल होगा।