मेरठ देर रात रेलवे रोड थाना क्षेत्र में बदमाशों ने प्राचीन जैन मंदिर के ताले तोड़कर हजारों की चोरी को अंजाम दिया। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर श्रद्धालुओं में रोष फैल गया। मौके पर पहुंचे एसपी सिटी ने जांच-पड़ताल करते हुए घटना के जल्द खुलासे का दावा किया है।
बताते चलें कि रेलवे रोड चौराहे पर प्राचीन जैन मंदिर है। सोमवार की सुबह श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो वहां के ताले टूटे देख हैरान रह गए। मामले की जानकारी मिलने पर मंदिर की प्रबंध समिति से जुड़े पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे। मंदिर के भीतर जाकर देखा गया तो अंदर रखी प्रतिमाओं से लेकर सारा सामान अस्त व्यस्त था।
दान पात्र के ताले टूटे हुए थे। घटना की जानकारी मिलने पर थाना पुलिस सहित एसपी सिटी भी मौके पर पहुंचे। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि बदमाश दान पात्र के ताले तोड़कर हजारों की नकदी और मंदिर में रखा कीमती सामान चोरी करके ले गए। जैन समाज के नागरिकों ने घटना पर रोष प्रकट किया।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एसपी सिटी ने घटना के जल्द खुलासे का दावा किया है।