रक्षाबंधन पर्व को लेकर महिला थाना पुलिस ने चलाया सघन चेकिंग अभियान

रक्षाबंधन पर्व को लेकर महिला थाना पुलिस ने चलाया सघन चेकिंग अभियान

 

अनुराग लक्ष्य न्यूज

 

बस्ती। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के लिए महिला थाना पुलिस ने शुक्रवार को शहर के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं से संवाद कर उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी।

पुलिस अधीक्षक बस्ती श्री यशवीर सिंह के आदेश के क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी सदर के कुशल निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक महिला थाना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रोडवेज चौराहा, गांधीनगर, मालवीय तिराहा, क्रिसेंट मॉल सहित प्रमुख बाजारों में चेकिंग की।

चेकिंग अभियान के दौरान बाजारों में खरीदारी कर रही महिलाओं और युवतियों से पुलिसकर्मियों ने बातचीत की। उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने महिलाओं को सुरक्षा का एहसास दिलाते हुए कहा कि त्योहार के दौरान उनकी सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है।

इसके साथ ही अनावश्यक रूप से घूम रहे तथा संदिग्ध प्रतीत हो रहे युवकों की जांच की गई। पुलिस ने ऐसे युवकों को चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की संदिग्ध या अनुचित गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

महिला थाना पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य रक्षाबंधन पर्व के दौरान बाजारों में सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना और महिलाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना रहा। पुलिस ने आमजन से भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।