सावन साहित्य सेवा सदन में पुस्तक लोकार्पण समारोह
कुशीनगर। सावन साहित्य सेवा सदन ट्रस्ट के बैनर तले पुस्तक लोकार्पण समारोह का भव्य आयोजन साहित्यकार डॉ. सुनील ‘सावन’ के आवास, अटल नगर (अमवा बाजार), नगर पंचायत रामकोला, जनपद कुशीनगर में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि गोमल ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके पश्चात भोजपुरी कवि उगम ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार अनिल ‘बच्चू’ के सद्यः प्रकाशित काव्य-संग्रह ‘ढूंढता रहा’ का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित कवियों ने अपनी प्रतिनिधि कविताओं एवं गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं।
मंच संचालन करते हुए सावन साहित्य सेवा सदन ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. सुनील ‘सावन’ ने कहा कि “पुस्तकें हमारे जीवन को संवारती हैं। मोबाइल और सोशल मीडिया के दौर में हमारा मन विचलित एवं अशांत रहने लगा है, जो मानव जीवन के लिए शुभ नहीं है। हमें पुनः पुस्तकें पढ़ने की आदत विकसित करनी चाहिए। लिखना कवि का धर्म है और पढ़ना पाठक का कर्म। मनपसंद पत्रिकाओं एवं पुस्तकों के अध्ययन से जीवन की दिशा और दशा बदल जाती है। इससे सुख, शांति और सुकून की अनुभूति भी होती है।”
ट्रस्ट की उपाध्यक्षा प्रीति ‘राधा’ ने देश-विदेश से प्राप्त पत्र-पत्रिकाओं एवं पुस्तकों की समीक्षा प्रस्तुत करते हुए कहा कि साप्ताहिक समाचार-पत्र अमृत राजस्थान, व्यंग्य यात्रा (नई दिल्ली) तथा सरस्वती सुमन (देहरादून) सहित अनेक पत्रिकाएं पठनीय एवं उपयोगी हैं। उन्होंने बताया कि काशी के वरिष्ठ साहित्यकार एवं अधिवक्ता रामावतार ने अपनी पांच पुस्तकें समीक्षार्थ प्रेषित की हैं, जो ज्ञानवर्धक, उपदेशात्मक एवं मनोरंजक हैं। ‘ढूंढता रहा’ मुक्त छंद का प्रतिनिधि काव्य संग्रह है।
कवि अनिल ‘बच्चू’ ने अपने एकल काव्य-संग्रह में संकलित प्रतिनिधि कविताओं का भावपूर्ण पाठ किया, जिससे श्रोता भाव-विभोर हो उठे। कवियों, संगीतकारों एवं गायकों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को साहित्यिक एवं सांगीतिक रंग प्रदान किया।
समारोह के अंत में मुख्य ट्रस्टी रामकेवल ने उपस्थित साहित्यकारों, पत्रकारों, कवियों, कलाकारों एवं श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर तबला वादक डॉ. बृजेंद्र, भोजपुरी साहित्यकार उगम मगन, राधेश्याम रागी, अन्नू, गोमल कवि, शौर्य सुप्रीतम् वेदान्त, प्रभुनाथ, प्रीति, सुप्रीति, उर्मिला देवी, मनोज, शिवपूजन, प्रियंका, रवीन्द्र, शैलेश, जालन्धर कुमार, संदीप, शैलेंद्र, सत्या, सोना, पिन्टू, वन्दना सहित अनेक साहित्यप्रेमी एवं श्रोता उपस्थित रहे।
Post Views: 7