लखनऊ दिसंबर अहमदाबाद के साबरमती रिवर फ्रंट की तरह लखनऊ के गोमती रिवर फ्रंट पर भी पेडिस्ट्रियन ब्रिज बनेगा। लगभग 100 मीटर लंबा व 10 मीटर ऊंचा यह ब्रिज नदी के एक छोर को दूसरे से जोड़ेगा। ब्रिज की डिजाइन बेहद आकर्षक व अनूठी हो, इसके लिए लखनऊ। विकास प्राधिकरण ने आर्किटेक्चर डिजाइन प्रतियोगिता आयोजित की थी। जिसमें दिल्ली, गोवा व बंगलुरू समेत देश भर से 24 प्रविष्टियां आयी हैं। अब इसमें से सर्वश्रेष्ठ चुनी जाने वाली डिजाइन के आधार पर पेडिस्ट्रियन ब्रिज को आकार दिया जाएगा।
देव सेतु, गोमती गेट-वे, कथक थीम ने लुभाया
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि पेडिस्ट्रियन ब्रिज के लिए अलग-अलग तरह के आकर्षक थीम पर डिजाइन प्राप्त हुयी हैं। जिसमें से गोमती गेट-वे, कथक ब्रिज, देव सेतु, द नाॅट कनेक्टिंग, स्माइलिंग ब्रिज, तरंत सेतु, जश्न-ए-पुल व हेरिटेज वाॅक आदि थीम की डिजाइन ने ज्यूरी पैनल को खूब आकर्षित किया। ये सभी डिजाइन इतनी कलात्मक व प्रभावशाली थीं कि ज्यूरी पैनल को इनमें से टाॅप-10 डिजाइन का चुनाव करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
ब्रिज पर बनेंगे व्यू प्वाइंट्स व डेक
उपाध्यक्ष ने बताया कि पेडिस्ट्रियन ब्रिज पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। ब्रिज पर केवल पैदल यात्रा व साइकिलिंग की जा सकेगी। कुछ ऐसी डिजाइन प्राप्त हुयी हैं, जिनमें लोगों की सुविधा के लिए ब्रिज पर पेडिस्ट्रियन प्लाजा, व्यू प्वाइंट्स, डेक, मनोरंजन के स्थान व बैठने की व्यवस्था का प्रावधान किया गया है। जिन्हें वरीयता देते हुए पेडिस्ट्रियन ब्रिज की डिजाइन का चयन किया जाएगा।