बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर कर्मादेवी महाविद्यालय के सामने तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि एक महिला समेत दो घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोडकर भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए उम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचवाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार परसरामपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर निवासी ब्रहमदीन (60) कचहरी में किसी मुकदमे की तारीख देखकर घर वापस जा रहे थे।वहीं नगर थाना क्षेत्र के कूडी निवासी फूल कुमारी पत्नी रामकेवल मटेरा गांव में एक शादी समारोह से लौटकर अपने बेटे अशोक और संतोष के साथ वापस लौटकर कानपुर जाने के लिए कर्मादेवी महाविद्यालय के सामने सडक किनारे बैठकर सवारी का इंतजार कर रही थी। इस बीच गोरखपुर से अयोध्या की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रक आगे चल रहे मारूती सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित होकर सड़क पर बैठे लोगों को अपनी चपेट मे ले लिया। जिससे ब्रहमदीन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बगल में बैठे लालगंज थाना क्षेत्र के कडसरी निवासी गोरख का एक पैर, फूल कुमारी का दोनों पैर बुरी तरह से फ्रैक्चर हो गया। अशोक, संतोष हादसे में बाल बाल बच गए। सूचना पाकर मौके पर थाना प्रभारी नगर देवेंद्र सिंह, फुटहिया चौकी प्रभारी विवेकानन्द तिवारी मौके पर पहुंचे, घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचवा कर इलाज के लिए भर्ती कराया, जहाँ उनका उपचार चल रहा है।