बस्ती। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के मंगल बाजार माली टोला निवासी एक विवाहिता की दहेज की मांग को लेकर हत्या करने के मामले में उसके पति समेत 12 ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले में आरोपी पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है।
सिद्धार्थनगर जिले के बांसी कोतवाली थाना क्षेत्र के पटेल नगर मोहल्ला निवासी विजय कुमार सैनी ने पुरानी बस्ती पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि उसकी बहन आशा सैनी (27) का विवाह 8 फरवरी 2021 को मंगल बाजार माली टोला निवासी अजय सैनी के साथ हुआ था। आरोप लगाया है कि ससुराल में दहेज की मांग को लेकर ससुराल वाले उसकी बहन को प्रताड़ित करते थे। पांच नवम्बर को उसकी बहन की गला दबाकर हत्या कर दी। मामले में तहरीर के आधार पर पुरानी बस्ती पुलिस ने मृतका के पति अजय सैनी, पिता रामकिशोर सैनी, मां कलावती, भाई रवि, अमित, राजू, वीरू, सोनू, अवधेश सहित 12 लोगों के खिलाफ बीएनएस और डीपी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले में आरोपी अजय और उसकी मां कलावती को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनो की गिरफ्तारी गुरूवार को दिन में पूर्वी रेलवे क्रासिंग के पास से की गई। आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण कर उन्हे न्यायालय के लिए रवाना किया गया।