बीएमडब्लू से कुचलकर मार डालने का आरोपी भाजपा नेता का पुत्र गिरफ्तार

 

बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के मालवीय रोड पिकौरा दत्तूराय निवासी युवक को बीएमडब्लू से कुचलकर मार डालने के मामले में आरोपी भाजपा नेता हमीदुल्लाह खां उर्फ बब्बू खां के पुत्र हसमतुल्लाह खां उर्फ हनी खां को पुलिस ने दरिया खां पिकौरा दत्तूराय मोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। बीएमडब्लू वाहन को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
बता दें कि कोतवाली थाना क्षेत्र के मालवीय रोड पिकौरा दत्तूराय मोहल्ला निवासी रामलाल गुप्ता उर्फ गोविन्द की 31 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे बीएमडब्लू से कुचलकर मौत हो गई थी। वह बाबर्ची का काम करता था। परिजनों ने हसमतुल्लाह खां उर्फ हनी खां पर जान बूझकर पीछे से गाड़ी चढ़ाकर हत्या करने का आरोप लगाया। एक नवम्बर को दोपहर में मृतक के परिजन आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मालवीय रोड जाम कर प्रदर्शन किया था, मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया था।
मृतक की पत्नी श्रीमती ज्ञानती देवी ने कोतवाली पुलिस को मामले में तहरीर दी। बताया कि उसके पति 31 अक्टूबर की देर शाम करीब 8 बजे मकान के सामने हरिजन बस्ती जाने वाले रास्ते पर कुछ काम से गए थे, उसी समय बीएमडब्लू वाहन चला रहे हनी ने उसके पति को गाड़ी से पीछे से कुचल दिया और भाग निकला। गम्भीर रुप से घायल अवस्था में जिला अस्पताल ले जाने पर डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में आरोपी के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में लगी थी। गिरफ्तारी और घटनाकारित करने वाले बीएमडब्लू वाहन की बरामदगी बाद पुलिस आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर आरोपी को न्यायालय के लिए रवाना किया।