बस्ती 30 सितम्बर। प्रधानमंत्री के अति महत्वाकांक्षी योजना टीबी मुक्त पंचायत के तहत राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत वर्ष 2023 में टीबी मुक्त पंचायतों के ग्राम प्रधानों को गांधी जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी की कांस्य रंग की मूर्ति एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
उक्त आशय की जानकारी देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हर्रैया के वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि हर्रैया ब्लॉक के परसौड़ा, निदुरी खम्हौआ, छपिया बुजुर्ग, महादेवा ग्राम पंचायतों को वर्ष 2023 में टीबी मुक्त बनाया गया था। जिसमें आशा, सीएचओ, ट्रांसपोर्टर, एसटीएस, एसटीएलएस का विशेष योगदान रहा। इस पहल के मानदंडों में 1,000 की आबादी पर कम से कम 30 नमूने एकत्र करना शामिल है। इसके अलावा, गांव में टीबी रोगियों की संख्या शून्य या 1,000 की आबादी पर एक रोगी हो।
पीटीईआर, नोटिफिकेशन, यूडीएसटी, डीबीटी, सक्सेस रेट सहित अन्य इंडिकेटर पर ध्यान दिया जाता है। चयनित उन ग्रामों को गठित टीम द्वारा सभी आंकड़े जांच कर टीबी मुक्त के सभी इंडिकेटर पूर्ण होने पर टीबी मुक्त घोषित किया गया था।
उन्होंने बताया कि इन चारों ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों को गांधी जयंती के अवसर पर 02 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी द्वारा महात्मा गांधी जी की कांस्य रंग की मूर्ति एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।