मुर्गा दुकानदार को कार में बैठाकर बंधक बनाने में छह पर मुकदमा

बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी मुर्गा दुकानदार को कार में बैठाकर जबरिया ले जाने और बंधक बनाकर रखने के मामले में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। दौलतपुर निवासी इंसान अली ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि उसकी दौलतपुर में मुर्गा की दुकान है। वह किसी काम से पैड़ा चौराहे पर गया था, इस बीच उसकी मोबाइल पर फोन आया कि मुर्गा चाहिए जल्दी से आ जाओ। जब वह वापस दुकान पर पहुंचा तो एक कार और बाइक पर सवार छह आरोपी खड़े थे। उसे जबरदस्ती बैठाकर कार से लेकर एक स्थान पर बैठाए रखा। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के परसपुरा निवासी समीर सिद्दीकी, कोतवाली थाना क्षेत्र के जिला अस्पताल के निकट के निवासी सूरज उपाध्याय, रूधौली थाना क्षेत्र के रूधौली कस्बा निवासी आनन्द सोनी, गोण्डा जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के खिरिया मझौवा निवासी नीरज प्रताप सिंह, मनकापुर थाना क्षेत्र के मनकापुर निवासी प्रवीण सिंह पर आरोप लगाया है कि सभी ने मिलकर उसे जबरदस्ती कार में बैठा लिया। कहा कि तुम्हारा लडका राजू हम लोगो का पैसा लिया है ,मांगने पर दे नही रहा है, तुम्हे ले जा कर जबरजस्ती बैठांएंगे तब वह आकर हम लोगो का पैसा देगा। वाल्टरगंज पुलिस तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना कर रही है।