हत्या कर साक्ष्य मिटाने में महिला समेत छह पर मुकदमा

 

बस्ती। पैकोलिया थाना क्षेत्र के चांदा बुजुर्ग गांव निवासी छह लोगों के खिलाफ हत्या कर साक्ष्य मिटाने की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
चांदा बुजुर्ग निवासी सरिता देवी उर्फ नीलम का आरोप है कि गांव निवासी अनीता, सतीराम,
राजेश कुमार सिंह उर्फ रिंकू, दूधनाथ, अनिल तिवारी, सचिन कन्नौजिया पर अपने पति चन्द्रेश शर्मा (36) की हत्या करने का आरोप लगाया है। कोर्ट में दिये प्रार्थना पत्र में बताया है कि 22 जुलाई 2023 को उसने अपने पति को फोन लगाया तो उन्होंने कहा िकवे अनीता के घर जा रहे हैं, अभी लौटकर आने के बाद भोजन किया जाएगा। पुनः फोन लगाने पर उसके पति ने फोन नहीं उठाया। कुछ देर बाद गांव के एक व्यक्ति ने हल्ला करते हुए कहा कि उसके पति को अनीता, सतीराम ने मिलकर मार डाला है, बचने के लिए सीताराम के सहयोग से उसकी लाश को अपने बरामदे मे लोहे के पाईप में लटका दिया है। इसके बाद जब वह रोती हुई आरोपी के घर पहुंची तो पति की लाश को वहां लटकते देखा, जिसे उतारकर आरोपी शमशान घाट लेते गए। मामले में पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की तो उसने कोर्ट की शरण लिया। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने घटना के एक साल बाद आरोपियों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया और मामले की विवेचना कर रही है।