बकाया रूपया न देकर ट्रक को धोखाधड़ी से दूसरे को बेचने का आरोप, तीन पर मुकदमा

 

बस्ती। पैकोलिया थाना क्षेत्र के सुनसुन गांव के मूल निवासी और वर्तमान में कलवारी थाना क्षेत्र के गाना में रह रहे विजय शंकर त्रिपाठी ने तीन लोगों पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। कलवारी पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि कुशीनगर जिले के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के गगलवा निवासी ब्रह्मदेव यादव, पकड़ी गोसाई निवासी रोहित यादव, संजीव यादव ने उससे ट्रक खरीदा, भुगतान के लिए उनके द्वारा चेक दिया गया जो बाउंस हो गया। जब उसने आरोपियों से बकाया रूपया मांगा तो वे हीलाहवाली करते रहे, इस बीच आरोपियों ने बिना उसका बकाया भुगतान दिए ट्रक को दूसरे व्यक्ति को बेच दिया। मामले में तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ गबन, धोखाधड़ी, कूट रचना की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कलवारी पुलिस विवेचना कर रही है।