लखनऊ। सरकार ने प्रदेश में बाढ़ प्रभावितों को क्षतिग्रस्त मकानों की मरम्मत के लिए पांच करोड़ रुपये का मुआवजा दिया है। वहीं घरेलू सामान के लिए बाढ़ प्रभावितों को 20 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई है। सरकार ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 2,54,735 खाद्यान्न और 8,54,517 लंच पैकेट वितरित करवाए हैं। साथ ही क्षतिग्रस्त पशुबाड़े के लिए 2,58,000 रुपये की राशि वितरित की जा चुकी है।
राहत आयुक्त जीएस नवीन कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश आपदा की दृष्टि से संवेदनशील है। पहले की तरह इस बार भी बाढ़ प्रभावितों की जरूरतों का ध्यान रखा गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित 403 परिवारों को तन ढकने के लिए 10,07,500 रुपये की सहायता धनराशि दी गई। यह राशि नौ जिलों के बाढ़ प्रभावितों को 2,500 रुपये प्रति परिवार के हिसाब से वितरित की गई है।
इसमें सबसे अधिक लखीमपुर खीरी के 94, शाहजहांपुर के 82, श्रावस्ती के 60, बलिया के 52, कुशीनगर के 46, बहराइच के 28, फर्रुखाबाद के 21 व बलरामपुर तथा सिद्धार्थनगर के 10-10 परिवार शामिल हैं। इसी तरह बाढ़ से आठ जिलों में 86 पशु बाड़े के लिए 2,58,000 रुपये की धनराशि वितरित की गई है।